खगडिय़ा : खगडिय़ा जिले में एक साहसी लड़की की खूब चर्चा है। उसने शराब के विरुद्ध मुहिम छेड़ रखी है। शराब तस्कर उससे पनाह मांग रहे हैं। यह साहसी लड़की पसराहा थाना क्षेत्र के कोरचक्का की नविता है। भौतिकी से स्नातक 23 वर्षीय नविता शराब तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए शराब की भट्ठी और बिक्री को लेकर छिपाकर रखी गई शराब का वीडियो वायरल कर देती है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सकते में आ जाती है। भट्ठी को ध्वस्त करती है। बीते दिन भी नविता ने कोरचक्का विद्यालय के पास छिपाकर रखी गई शराब का वीडियो वायरल किया। नविता के साहसिक कारनामे इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं। नविता का कहना है कि शराब के खिलाफ उसकी मुहिम जारी रहेगी। अब तक उसने अवैध शराब के दो वीडियो वायरल किए हैं। इस साहसी लड़की और उनके स्वजनों को धमकी भी मिल रही है। लेकिन नविता का शराब के विरुद्ध अभियान जारी है।

साधारण परिवार से आती हैं नविता

नविता के पिता विनोदी सहनी मछुआरे हैं। वे नौ भाई-बहन हैं। मां माला देवी गृहिणी हैं और जीविका से भी जुड़ी हुई हैं। नविता ने मैट्रिक भागलपुर जिले के मौजमा से किया। इंटर की पढ़ाई भरतखंड से की। बेगूसराय से बीएससी (भौतिकी) की हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिली प्रेरणा

नविता कहती हैं- आसपास शराब के सेवन और उसके दुष्परिणाम से जब परेशान रहने लगी, तो शराब और इसके तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाने की ठानी। शराब पीकर लोग पत्नी को प्रताडि़त करते हैं। बच्चे को पढऩे के लिए पैसे नहीं देते, लेकिन शराब पर उड़ा देते हैं। मुझे मुख्यमंत्री के शराबबंदी अभियान से साहस मिला। प्रेरणा मिली। शराब के खिलाफ मुहिम चलाने के साथ पहले गांव के लोगों को समझाना शुरु किया। नहीं मानने पर खुलकर विरोध आरंभ किया है। शराब तस्करों की टोह में जुट गई हूं। जिसका वीडियो बनाकर वायरल करती हूं। इसके बाद पुलिस कार्रवाई करती है।

नविता ने बीते 27 दिसंबर को शराब भट्ठी की पहली वीडियो वायरल की। कोरचक्का के एक बागीचे में जंगल- झाड़ के बीच एक शराब भट्ठी चलाई जा रही थी। जिसकी भनक मिलते ही नविता वहां पहुंच गई। शराब भट्ठी व अर्ध निर्मित शराब का वीडियो अपने मोबाइल में बनाने लगी। नविता को देख शराब निर्माण में लगे तस्कर चुप-चाप वहां से खिसक लिए। नविता ने शराब भट्ठी का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो एसपी तक पहुंचा। एसपी के निर्देश पर पसराहा व भरतखंड ओपी पुलिस ने स्थल की जानकारी ली और छापेमारी की। जहां से भारी मात्रा में निर्मित व अर्ध निर्मित शराब के साथ शराब बनाने के कई उपकरण बरामद हुए।

दो जनवरी को नविता ने दूसरी वीडियो वायरल किया। कोरचक्का विद्यालय के पास शराब तस्कर शराब छिपाकर रखे थे। वहां से शराब की बिक्री की जाती थी। वायरल वीडियो में एक तस्कर शराब का गैलन लेकर भागते हुए भी दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पसराहा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त स्थल से देसी शराब बरामद की।

पढ़-लिखकर अधिकारी बनना चाहती हैं नविता

नविता एक साधारण मछुआरा परिवार से आती हैं। बीएससी पास करने के बाद उन्हें 25 हजार की प्रोत्साहन राशि मिली है। जिससे वे आग की पढ़ाई कर रही हैं। वे फिलहाल बीपीएससी-यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। वह अधिकारी बनना चाहती हैं। वे कहती हैं- तैयारी में आर्थिक तंगी आड़े आ रही हैं। वे अधिकारी बनकर सामाजिक कुरीतियों को दूर करना चाहती हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *