कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षाओं में कथित धांधली के आरोपों पर गुरुवार को एसएससी के चेयरमैन असीम खुराना ने कहा कि 21 फरवरी की परीक्षा में एक परीक्षार्थी का जो स्क्रीनशॉट वायरल हुआ है, वह नकल का मामला है। इसका मतलब यह नहीं है कि एसएससी की सीजीएल परीक्षा का पेपर लीक हुआ है।

खुराना ने कहा कि उस परीक्षार्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है और छात्र को 7 साल तक परीक्षा देने से रोकने के लिए एक कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि यह संभव है कि वह छात्र परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन ले गया हो या फिर अपने कपड़ों के बटन में कोई कैमरा छिपा ले गया हो, लेकिन पेपर लीक हुआ है, यह मैं नहीं मानता। 9 फरवरी को गलती से इस छात्र का एडमिट कार्ड जारी हो गया था, लेकिन उन्होंने इसे वापस ले लिया है।

एक छात्र ने भरे थे 750 फॉर्म
एसएससी ने सीएचएसएल यानी कंबाइंड हायर सेकेंड्री लेवल की परीक्षा 4 मार्च से शुरू की है। परीक्षा में छात्रों ने एक ही अभ्यर्थी के अलग-अलग नाम से 10 एडमिट कार्ड जारी होने का आरोप लगाया था। असीम खुराना ने कई एडमिट कार्ड जारी होने के सवाल पर कहा कि किसी छात्र ने अलग-अलग नामों से करीब 750 फॉर्म भरे थे। हमने उसे पकड़ने के लिए उसके सभी एडमिट कार्ड जारी किए। इस छात्र ने सभी फॉर्म में एक ही परीक्षा केंद्र रखा था।

एसएससी के चेयरमैन असीम खुराना ने निजी कोचिंग संस्थानों पर प्रदर्शनकारियों को भ्रमित कर भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब से वे एसएससी चेयरमैन बने हैं, उन्होंने ओएमआर शीट वाली परीक्षाओं को ऑनलाइन कर दिया। पहले कोचिंग संस्थान गड़बड़ी कर देते थे, लेकिन अब उनकी दाल नहीं गल रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *