उत्तर ब्राजील में पुलिस ने एक ऐसे तोते को गिरफ्तार किया, जो तस्करों को अलर्ट कर देता था। जैसे ही पुलिस इनके इलाके में पहुंचती थी, वह पुलिस-पुलिस चिल्लाने लगता था। सब लोग हैरान तब रह गए, जब उसने पुलिस टीम की लाख कोशिशों के बाद भी अपना मुंह तक नहीं खोला।
इस बार तोते की कोशिश कामयाब नहीं हुई
पुलिस की एक टीम ने दो दिन पहले पियाउ स्टेट में ड्रग तस्कर के ठिकाने पर छापा मारा था। इस बार भी वह अपने मालिक को अलर्ट करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कामयाब नहीं हुआ। पुलिस ने दो तस्करों के साथ इसे भी गिरफ्तार कर लिया।
लोगों ने कहा- बेहद आज्ञाकारी है
पुलिस के एक अफसर ने बताया कि जैसे ही पुलिस नजदीक पहुंची, तोते ने चिल्लाना शुरू कर दिया। हम समझ गए कि यह अलर्ट करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कामयाब नहीं हो सका।

ब्राजील के एक पत्रकार ने बताया कि मैं इसके व्यवहार से हैरान हुआ। वह काफी आज्ञाकारी है। सिर्फ अपने मालिक की सुनता है। पुलिस ने हर तरह से उससे बुलवाने की कोशिश की लेकिन वह चुपचाप बैठा रहता है। पशु-पक्षियों के एक स्थानीय डॉक्टर अलेक्जेंडर क्लार्क ने भी इस बात की पुष्टि की कि तोता जांच में सहयोग नहीं कर रहा है।
तोते को जू भेजा
ब्राजील टीवी चैनल ग्लोबो ने बताया है कि तोते को एक स्थानीय चिड़ियाघर भेज दिया गया है। वहां वह 3 महीने तक रहेगा, जहां उसे उड़ना सिखाया जाएगा। उसके बाद तोते को आजाद कर दिया जाएगा।
ब्राजील में यह कोई पहला वाकया नहीं है जब ड्रग तस्करों ने जानवरों का इस्तेमाल किया है। हालांकि, ड्रग तस्करी में ज्यादातर सरीसृपों का इस्तेमाल किया जाता है।


