नवगछिया : नये साल में बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग द्वारा गंगा एवं कोसी नदी के बाढ़ और कटाव से नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर, रंगरा चौक, खरीक, बिहपुर एवं नारायणपुर प्रखंडों को सुरक्षित करने के लिए सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कटाव निरोधी कार्य शुरू कराए जाएंगे। इन कार्यों की शुरुआत जनवरी माह के अंत तक किए जाने की तैयारी है। विभाग की ओर से निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल कार्यालय नवगछिया के अनुसार इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध के स्पर संख्या सात और आठ के बीच लगभग 240 मीटर क्षेत्र में शीट पाइलिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके साथ क्षतिग्रस्त तटबंध में मिट्टी भराई कर उसे पुराने स्वरूप में लाया जाएगा तथा स्लोप और एप्रन में बोल्डर क्रेटिंग का कार्य किया जाएगा। स्पर संख्या सात और आठ के बीच के कार्य का प्राक्कलन लगभग 25 करोड़ रुपये तथा स्पर संख्या आठ और नौ के बीच के कार्य का प्राक्कलन करीब 70 करोड़ रुपये है। वहीं स्पर संख्या छह एन के विपरीत सोल कटिंग का प्रस्ताव विचाराधीन है।

इसके अलावा काजीकोरैया राघोपुर में लगभग पांच करोड़ रुपये की प्राक्कलित राशि से कटाव निरोधी कार्य कराया जाएगा। लत्तीपुर-नारायणपुर बांध की मरम्मत तीन करोड़ रुपये की लागत से होगी, जबकि कोसी नदी के मदरौनी क्षेत्र में लगभग चार करोड़ 50 लाख रुपये की राशि से बोल्डर से मरम्मत का कार्य प्रस्तावित है।

कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार ने बताया कि सभी कार्यों की निविदा अपलोड कर विभाग को भेज दी गई है। विभागीय स्वीकृति के बाद संवेदक का चयन होते ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ज्ञानी दास टोला में 810 मीटर क्षेत्र में बोल्डर क्रेटिंग एवं जियो बैग तकनीक से कार्य कराने का प्राक्कलन भी स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया है।

मुख्य अभियंता ई. अनवर जमील ने कहा कि विभाग जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर संवेदक का चयन करेगा। जनवरी के अंत तक सभी स्थानों पर गुणवत्तापूर्ण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *