नवगछिया अनुमंडल में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है। तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से बांधों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं कई जगह सड़कों पर पानी चलने लगा है। बिहपुर के जमींदारी बांध को बचाने का कार्य तेज कर दिया गया है। कटाव से कई घरों पर खतरा मंडरा रहा है।
गोसाईगाव बांध पर पानी के दबाव और वर्षा से मिट्टी गीली होने से बांध की स्थिति नाजुक
शनिवार को एसडीओ मुकेश कुमार व एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती ने बांध को जाकर देखा और बचाव के लिए बोरी देने का निर्देश दिया। इसी बांध के टूटने से वर्ष 2016 में अनुमंडल सहित आसपास का इलाका डूब गया था और तीन माह तक अनुमंडल में बाढ़ का पानी फंसा रहा था। रंगरा स्लूईस गेट पर पानी के दबाब के बाद कटरिया गोपालपुर 14 नम्बर सड़क पर भी पानी का दबाब बढने लगा है। यहां के हरिजन टोला के पास शुक्रवार को पानी के बहाव के बाद वहां पर मिट्टी दिलवाकर पानी के बहाव को रोका गया।
गोपालपुर प्रखंड की सड़कों पर कई जगह पानी बहने लगा है। सैदपुर सुकटिया बाजार सड़क पर तेज बहाव जारी है। डुमरिया-तिनटंगा सड़क पर पानी के दबाब के कारण सड़क के कटने की आशंका से लोग सहमे हैं। नवगछिया प्रखंड की खगड़ा व बोड़वा पंचायत जलमग्न हो गयी है। कोसी पार ढोलबज्जा के लूरीदास टोला जलमग्न हो गया है। जिला परिषद नंदिनी सरकार ने बोड़वा और लूरीदास टोला में जाकर बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं सुनी। रंगरा जिला परिषद शबाना आजम ने सधुआ चापर के पीड़ितों से मिलकर राहत बंटवाने का आश्वासन दिया।

जमींदारी बांध को बचाने का कार्य तेज, कई घरों पर खतरा:
बिहपुर के नरकटिया-नन्हकार जमींदारी तटबंध पर शनिवार को भी हल्का -फुल्का कटाव जारी दिखा। लेकिन दिनभर हो रही बारिश के बीच भी बांध बचाने के लिए लोग युद्धस्तर पर कार्य करे दिखे। संवेदक एवं ग्रामीण नवयुवकों की मदद होता रहा। अब भी बांध की स्थिति भयावह बनी हुई है। कभी भी कुछ भी हो सकता है, जिसकी आशंका को लेकर ग्रामीण अपने घर के सामानों को सुरक्षित जगहों पर पहंुचाने में जुटे दिखे। चीफ इंजीनियर राजेश कुमार को बांध बचाने का निर्देश दिये गये।
गनौल में बीडीओ ने चालू कराया राहत शिविर:
नारायणपुर प्रखंड के सिहपुर पश्चिम,सहजादपुर व बैकंठपुर दुधैला पंचायत में शनिवार को बीडीओ अजय प्रकाश राय व सीओ रामजपी पासवान ने राहत शिविर जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चालू कराया । शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन कराया जा रहा है।
नवगछिया। बांध पर वर्षा में भींगकर रह रहे बाढ़ पीड़ित भूख प्यास से परेशान हंै। जिलाधिकारी के आदेश के बाबजूद पीड़ितों को सूखा राशन नहीं मिल रहा है। वर्षा मे बाढ़ पीड़ितों की स्थिति दयनीय हो गयी है। छोटे-छोटे बच्चे का बुरा हाल है। पॉलीथिन नही मिलने से पीड़ित वर्षा में भींग रहे हंै। वे राहत की राह देख रहे है। जनसहयोग से गोनरचक के पीड़ितों के बीच बिस्कुट-चूड़ा का वितरण जिला परिषद बिपिन कुमार, अवधेश, मिथिलेश कुमार सहित अन्य लोगों ने किया।


