भागलपुर। खाद्य तेल के व्यवसायी नवगछिया निवासी अनुराग रुंगटा को लाखों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अनुराग के इस काम में सहयोग करने वाले अशोक राज ठाकुर को भी पुलिस ने पकड़ा।
Total Downloads: 102
भागलपुर के चुनिहारी टोला के रहने वाले व्यवसायी अनिल कुमार जैन ने अनुराग पर आरोप लगाया है कि पिछले साल सितंबर में अनुराग ने उनसे साढ़े सोलह लाख रुपये का खाद्य तेल उधार लिया था। उसमें कुछ पैसे लौटाये जबकि 15 लाख से ज्यादा पैसे उसके यहां बांकी रह गये। उस पैसे को वापस करने जब अनुराग से कहा गया तो वह धमकी देने लगा।
अनिल ने इस बाबत कोतवाली थाना में केस दर्ज कराया। कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि चार लोगों ने अनुराग के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया जायेगा। व्यवसायी कमल कुमार जैन के बेटे राहुल जैन ने भी कोतवाली थाना में अनुराग के खिलाफ 10 लाख 41 हजार रुपये की राशि की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया।

उनका कहना है कि पिछले साल आठ से 12 दिसंबर तक चार बार में अनुराग ने उनसे खाद्य तेल उधार लिया। उसके बाद जब अनुराग से बकाया पैसे की मांग की गयी तो उसने उल्टा धमकी देना शुरू कर दिया। व्यवसायियों का कहना है कि व्यवसाय साख पर चलता है इस वजह से अनुराग को सामान उधार दिया गया पर उसने इसका गलत इस्तेमाल किया। इन मामलों को लेकर व्यवसायियों ने सनहा भी दर्ज कराया था।
मां की बीमारी के नाम पर लालू शर्मा से भी पैसे ले लिये
व्यसवायी लालू शर्मा और सुमीत अग्रवाल ने अनुराग रुंगटा पर मां की बीमारी के नाम पर पैसे ठगने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाना में केस दर्ज कराया है। लालू शर्मा का कहना है कि मां के बीमार होने और इलाज के लिए सिलीगुड़ी ले जाने के नाम पर उनसे 21 हजार रुपये अनुराग ने लिये। मां की ही बीमारी के नाम पर अनुराग ने व्यवसायी सुमीत अग्रवाल से भी 27 हजार रुपये लिये। दोनों व्यवसायियों ने मां की बीमारी के नाम पर उसे पैसे दिये पर सच्चाई पता चलने पर जब उससे पैसे वापस मांगे तो उसने टालमटोल शुरू कर दिया जिसके बाद सोमवार को दोनों ने कोतवाली थाना में केस दर्ज कराया।

