नवगछिया। गोपालपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर स्पर संख्या सात के निकट अपराध की योजना बनाते तीन शातिर बदमाशों को एक लोडेड कट्टा व छह कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गोपालपुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि तीन शातिर अपराधी किसी घटना को अंजाम देने की साजिश रचने गंगा नदी के किनारे स्पर संख्या सात के पास जमा हुए हैं।
सूचना मिलने पर गोपालपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि तीनों गिरफ्तार अपराधी इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मंधत टोला के अशोक सिंह पिता डगरू सिंह, फूचो मंडल पिता छेछन मंडल व रामधारी सिंह पिता भूदेव सिंह हैं।


उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक लोडेड कट्टा, छह कारतूस व तीन मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दे दी गई है और निर्देशानुसार मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

