नवगछिया : अनुमंडल स्थित बनारसी लाल सर्राफ कॉमर्स कॉलेज का उत्तरोत्तर विकास होता रहेगा और पूरे अनुमंडल में यह कॉलेज सबसे ज्यादा सुविधायुक्त और अव्वल होगा. उक्त बात स्वामी आगमानंद महाराज ने कॉलेज में नये भवन के शिलान्यास करवाने के बाद अपने आशीर्वचन के दौरान इस महाविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कही. उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में और भी अन्य महाविद्यालय हैं, जहां का विकास लगभग अवरुद्ध है. बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय का विकास लगातार जारी है.

यह विकास का क्रम लगातार जारी रहेगा. स्वामी आगमानंद महाराज ने सराफ कॉलेज के एनसीसी के पदाधिकारी तुषार कांत झा व कैडेट्स की भी काफी सराहना की. उन्हें विशेष रूप से गुरु पूर्णिमा पर महेशखूंट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सराहनीय योगदान के लिए विशेष रूप से आशीर्वाद स्वरूप स्वरचित हनुमान चालीसा पुस्तक प्रदान किया.

कॉलेज के सचिव डॉ मृत्युंजय सिंह गंगा ने बताया कि आज इस महाविद्यालय में नये तीन मंजिल भवन का शिलान्यास किया गया है. इस भवन के बनने के बाद आठ बड़े हॉल का निर्माण होगा, जिससे छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन में काफी सुविधा होगी.मौके पर विधान पार्षद डॉ संजीव कुमार सिंह, अध्यक्ष डॉ उग्रमोहन झा, पंडित प्रेम शंकर भारती ने भी संबोधित किया. धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय के प्रभारी प्राध्यापक मो नईमुद्दीन ने किया. कार्यक्रम में एनसीसी की छात्राओं ने स्वागत गान और लोक प्रसिद्ध झीझीया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....