भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जहांवी चौक के पास एक तेज रफ्तार ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 112 पुलिस टीम की मदद से तुरंत भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने भतीजे की हालत चिंताजनक बताई है।

घटना में घायल चाचा की पहचान ललमटिया थाना क्षेत्र के नसरतखानी निवासी 21 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई है, जबकि भतीजा इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर निवासी 19 वर्षीय अजय कुमार है। अजय इंटरमीडिएट की भूगोल विषय की परीक्षा देने जा रहा था।

तेज रफ्तार ऑटो ने मारी सामने से टक्कर

घायल सोनू कुमार ने बताया कि वह बाइक से अपने भतीजे अजय को परीक्षा केंद्र छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वे जहांवी चौक के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ऑटो ने सामने से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में सोनू कुमार का पैर टूट गया, जबकि अजय के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार अजय की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है।

जहांवी चौक बना दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहांवी चौक पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने मांग की है कि यहां स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था की जाए।

इस्माइलपुर थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल ऑटो के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

नवगछिया क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *