नवगछिया – इस्माइलपुर प्रखंड के पश्चिमी विद्या पंचायत के वार्ड संख्या 12, 13 एवं 14 के लिए नव सृजित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 54 के लिए आयोजित आमसभा एवं आंगनबाड़ी केंद्र के लिए चयनित स्थल कहलगांव अनुमंडल के परिसीमन में कर दिए जाने के कारण पश्चिमी भिट्ठा पंचायत के ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है. इस संबंध में प्रखंड के फुलकिया निवासी क्रांति कुमारी ने नवगछिया एसडीओ मुकेश कुमार को लिखित आवेदन देकर पुनः सेविका चयन के लिए आम सभा का आयोजन इस्माइलपुर प्रखंड परिसीमन में किए जाने एवं आंगनबाड़ी केंद्र स्थल का चयन भी इस्माइलपुर प्रखंड क्षेत्र में किए जाने की मांग की है. उन्होंने आवेदन में बताया है कि पश्चिमी बिठा पंचायत के लिए नव सृजित आंगनबाड़ी केंद्र के लिए इमददापुर के अशोक मंडल के दरवाजे को अंकित किया गया है. जो कहलगांव अनुमंडल के परिसीमन में आता है.

,, सेविका चयन के लिए आम सभा का आयोजन भी हुआ कहलगांव परिसीमन में

,, इस्माइलपुर पश्चिम भिठ्ठा के ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, एसडीओ को दिया आवेदन

वहीं सेविका चयन के लिए आयोजित आमसभा इमदादपुर महंत बाबा स्थान परिसर एनएच 80 के बगल में आयोजित किया गया. वह भी कहलगांव अनुमंडल के परिसीमन में आता है. उन्होंने बताया कि वर्ष 1990 के समय में गंगा नदी के कटाव के कारण इस्माइलपुर कि कुछ आबादी कहलगांव अनुमंडल परिसीमन के अंदर बस गई थी. जो वर्तमान में इमदादपुर के नाम से पुकारा जाता. वहीं उन्होंने बताया कि गंगा नदी के उस पार पुरानी इमदादपुर गांव जो इस्माइलपुर परिसीमन क्षेत्र में आता है.

उन्होंने कहा कि उक्त स्थल पर सेविका चयन के लिए आम सभा हो और आंगनवाड़ी केंद्र स्थल भी वहीं पर चयनित किया जाए. इससे पोषक क्षेत्र के लोगों को लाभ प्राप्त होगा. उन्होंने बताया कि इस्माइलपुर प्रखंड परिसीमन से बाहर आंगनबाड़ी केंद्र होने एवं परिसीमन क्षेत्र से बाहर सेविका का चयन किए जाने से पोषक क्षेत्र के लोग लाभ लेने से वंचित रह गए है.

इस संबंध में जिला परिषद सदस्य विपिन मंडल ने बताया कि पोषक क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र होना चाहिए. केंद्र के लिए चयनित स्थल कहलगांव अनुमंडल के परिसीमन में आता है जो पूरी तरह गलत है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने इस्माइलपुर सीडीपीओ से भी बात की है. उन्होंने भी आम सभा व केंद्र स्थल का चयन परिसीमन के बाहर होने की बात को स्वीकार की है. जिला परिषद सदस्य ने कहा कि इस संबंध में हुए वरीय पदाधिकारियों को भी अवगत कराएंगे.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *