नवगछिया । पूर्वोत्तर राज्यों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली एनएच-31 सड़क पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। डाउन स्ट्रीम में गंगा में आई बाढ़ के पानी का दबाव गुरुवार सुबह एनएच-31 पर भवानीपुर में पेट्रोल पंप के पास बढ़ गया। इससे सड़क के नीचे से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। सड़क के कटने और धंसने के डर से लोगों में अफरातफरी मच गई। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। भवनीपुर के लोगों ने किया एनएच जाम
Total Downloads: 43
तेज बहाव को देख भवानीपुर के डूबने की आशंका से भयभीत लोगों ने एनएच-31 को जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि पानी का बहाव रोका जाए, नहीं तो भवानीपुर के साथ-साथ कई गांव जलमग्न हो जाएंगे। जाम लगने के बाद एनएच पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर एनएचएआई के पदाधिकारी स्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

सीपेज स्थल पर दो ट्रक गिट्टी, राबिस गिराने के बाद बांस-बल्ला देकर पानी के बहाव को रोकने का प्रयास किया गया है। इस दौरान सड़क पर जेसीबी और ट्रैक्टर के रहने के कारण दिनभर यातायात की समस्या बनी रही। दोपहर तक लंबे समय तक वाहन रुक-रुककर चल रहे थे। दोपहर के बाद परिचालन सामान्य हुआ।
वर्ष 2021 में आई बाढ़ में भी इसी जगह पुलिया धंस गई थी। एनएचएआई के पदाधिकारी द्वारा किये गए बचाव कार्य के बाद दोपहर बाद पानी का बहाव बंद हुआ। मौके पर पहुंचे एनएचएआई के सेफ्टी ऑफिसर संजीव कुमार ने बताया कि हम लोग सूचना के बाद यहां पर पहुंचे। कल्वर्ट को बंद कर दिया गया है। किसी ने वॉल्व खोल दिया था। जिससे पानी रिसाव हुआ। वहीं मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता रवींद्र यादव ने बताया कि पानी का बहाव तेज होने के कारण वे लोग भी पहुंचे लेकिन कल्वर्ट से रिसाव बंद हो चुका था।
