नवगछिया : भारतीय खाद्य निगम भागलपुर मंडल की ओर से रबी विपणन वर्ष 2025-26 के तहत गेहूं की खरीद के लिए बिहपुर के सोनवर्षा में मंगलवार को पंजीयन कराने की जानकारी किसानों को दी गई। बताया गया कि एक मार्च से बिहपुर प्रखंड स्थित क्रय केंद्र में जिले के किसानों से सरकारी दर पर गेहूं की खरीद की जाएगी।
Total Downloads: 167
बैठक में खाद्य निगम के मंडल प्रबंधक संत नवनीत राणा ने किसानों से कहा कि आप बिना किसी परेशानी के निगम को गेहूं बेच सकते हैं। इस बार केंद्र सरकार के ने 2425 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं का मूल्य तय की है, जो पिछले वर्ष से 150 रुपए अधिक है। सहायक महाप्रबंधक प्रणब पात्रा ने कहा कि इस बार किसानों को उनके बैंक खाते में राशि ट्रांसफर की जाएगी। वहीं प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि गेहूं बेचने के 48 घंटे के अंदर किसानों के बैंक खाता में राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
गेहूं खरीद केंद्र, बिहपुर के सेंटर इंचार्ज चेतन कुमार व तकनीकी इंचार्ज राहुल रोहिताशव ने बताया कि इस बार गेहूं की खरीद के लिए भागलपुर, बांका और मुंगेर में छह सेंटर बनाए गए हैं। किसानों से अनुरोध किया कि सरकारी स्तर पर बढ़ी हुई न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं। गेहूं की खरीद के लिए किसानों को एसएमएस तथा व्हाट्स ग्रुप द्वारा भी सूचित किया जा रहा है। बैठक में एफपीओ मुंगेर उज्जवल कुमार, एफपीओ बांका चिंतामणि, बिहपुर के मुखिया लाली सहित किसान उपस्थित थे।

