नवगछिया। खरीक अंचल के कजिकोरैया–राघोपुर मार्जिनल बांध में सोमवार की देर रात करीब 2:30 बजे कटाव की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। कटाव स्थल वार्ड संख्या-12 के टोला शंकरपुर के समीप बताया गया है। खास बात यह है कि कटाव स्थल से बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री बुलो मंडल का आवास महज करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।
Total Downloads: 165
कटाव की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गयी। जिलाधिकारी, भागलपुर, अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण विभाग समेत संबंधित पदाधिकारी और अभियंता मौके पर पहुंच गये। अधिकारी घटनास्थल पर ही कैंप कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और लगातार निगरानी की जा रही है।
युद्धस्तर पर बचाव कार्य
कटाव के कारण पानी नवगछिया की ओर बढ़ रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में चिंता बढ़ गयी है। स्थिति को नियंत्रित करने और पानी के प्रवाह को रोकने के लिए बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंता एवं तकनीकी कर्मी युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक कार्य में जुटे हैं। कटाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक संसाधन और सामग्री मौके पर पहुंचायी गयी है।

प्रशासन की टीम बांध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कदम उठाये जा रहे हैं।
प्रशासन ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
जिला प्रशासन ने आम लोगों से घबराने की अपील नहीं की है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।
प्रशासन के मुताबिक आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौके पर जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की पूरी टीम मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी है।
