नवगछिया । रंगरा सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत तीनटंगा दियारा उत्तरी पंचायत के भीमदास टोला गंगा किनारे से रंगरा पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक का शव बरामद किया है। शव की पहचान नहीं हो सकी है।
शव मिलने की खबर स्थानीय लोगों ने रंगरा थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल को दी। रंगरा पुलिस दल बल के साथ पहुंचकर जांच में जुट गई है। रंगरा थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आसपास के लोगों से पहचान करवाने की कोशिश की जा रही है। शव को रंगरा सहायक थाना परिसर में रखा गया है।
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि गंगा किनारे जब सुबह लोग शौच व स्नान करने के लिए पहुंचे तो इस दौरान कुछ लोगों के पैरों में किसी चीज के टकराने का अनुभव हुआ। जब उसे बाहर निकाला गया तो वह युवक का शव था। शव लाल रंग की साड़ी में लपेटा हुआ था।

शव में रस्सी से छोटे-छोटे सीमेंट के पिलर का टुकड़ा बंधा हुआ था। लोगों ने बताया कि हो सकता है यह शव किसी दूसरी जगह का हो। हत्या कर यहां लाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई हो। रंगरा पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से भी शव का फोटो भेजकर उसकी शिनाख्त के प्रयास में लगी है।

