बरौनी-कटिहार रेलखंड स्थित खगड़िया के गौछारी व पसराहा स्टेशन के बीच 95-96 किलोमीटर पर बुधवार को 63304 डाउन मेमू सवारी गाड़ी के बीच इंजन में आग लगने से अफरातफरी मच गई। .
Total Downloads: 115
यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी। ट्रेन के अंदर धुआं और चिंगारी उठते देख यात्री चलती ट्रेन से ही कूदने लगे। इस अफरातफरी में कई यात्रियों के घायल होने की बात कही जा रही है। खगड़िया से बिहपुर जा रहे एक यात्री रमेश कुमार ने बताया कि इंजन से धुआं उठते देख लोग चलती ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया। ट्रेन की स्पीड कम थी नहीं तो दर्जनों यात्रियों की जान जा सकती थी। बताया गया कि अफरातफरी में दो साल के एक बच्चे का सिर फूट गया। घायल बच्चे का पसराहा स्टेशन पर प्राथमिक उपचार किया गया। घायल बच्चा महेशखूंट के पंकज यादव का है। पंकज महेशखूंट से खरीक जा रहे थे।

पसराहा स्टेशन के सजग टेक्नीशियन नीतीश कुमार ने बताया कि बरौनी से कटिहार जा रही सवारी गाड़ी 10: ़55 बजे गौछारी से पसराहा स्टेशन के लिए खुली। बीच में ही ट्रेन के बीच वाले इंजन में शार्ट सर्किट से चिंगारी निकलने लगी। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक ने बहादुरी के साथ इंजन के 25 केवी के परिपथ को पेंट्री से काटकर फिर ट्रेन को पसराहा के लिए प्रस्थान किया।

ट्रेन 11़:23 बजे पसराहा पहुंची। गौछारी और पसराहा के बीच इस अफरातफरी में ट्रेन करीब 18 मिनट रूकी रही। इस दौरान भीषण गर्मी में यात्री हलकान रहे। पसराहा में ट्रेन 23 मिनट लगी रही। घायल यात्रियों का पसराहा में प्राथमिक उपचार के बाद 11़:50 बजे नारायणपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। लोगों का कहना था कि यदि ट्रेन में आग लग जाती तो बड़ा हादसा होता।
मेमू ट्रेन में आग बुझाने के संयंत्र नहीं दी गई है। लोगों ने बताया कि बरौनी से कटिहार लंबी दूरी के यात्री सवारी गाड़ी में जंजीर खींचकर ट्रेन रोकने की भी सुविधा नहीं है। इधर सोनपुर एडीआरएम पंकज कुमार सिन्हा ने बताया कि चिंगारी ट्रेन की मोटर से निकली। इस कारण अफरातफरी मची। घायल की कोई सूचना नहीं है। .

