बिहपुर प्रखंड अंतर्गत मिल्की गांव में स्थित एक धार्मिक स्थल की चारदीवारी तोड़े जाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में सात नामजद आरोपियों के साथ-साथ 100 से अधिक अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यपालक दंडाधिकारी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि नामजद आरोपियों के अलावा बड़ी संख्या में अज्ञात लोगों को भी मामले में शामिल किया गया है, ताकि जांच के दौरान दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और विधि-व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से प्रशासन ने धार्मिक स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एस‌आई अवधेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई एवं एस‌आई रिया कुमारी को मामले के जांच का जिम्मा सौंपा गया। गुरुवार को मौके पर दंडाधिकारी मनोहर कुमार, प्रशांत कुमार, संजय कुमार सिन्हा एवं अधिकारी एसआई अजीत कुमार सिंह के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की।

वरिष्ठ पदाधिकारियों के आदेशानुसार धार्मिक स्थल पर 24 घंटे दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है ताकि क्षेत्र में आपसी सौहार्द और शांति बनी रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष के आधार पर की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *