नवगछिया में चैती दुर्गा मंदिर परिसर स्थित पुजारी निरंजन के कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने बक्से में रखे 6 लाख 80 हजार रुपये की चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि यह राशि पुजारी ने अपनी बेटी की शादी के लिए जमा कर रखी थी। घटना रविवार दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पुजारी निरंजन अपने परिवार से मिलने गए थे। उनका परिवार नवगछिया में ही एक किराये के मकान में रहता है। जब वे वापस मंदिर परिसर पहुंचे तो कमरे में दूसरा ताला लगा देख उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संदीप गुप्ता को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि कमरे में लगाया गया नया ताला नवगछिया बाजार की एक दुकान से खरीदा गया था। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि ताला खरीदने आया युवक लंबा और सांवले रंग का था। उसने 80 रुपये कीमत वाले ताले के बदले 200 रुपये दिए और जल्दी में वहां से निकल गया।

पुलिस मंदिर परिसर और आसपास के बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....