नवगछिया में ज्योतिष सिंह हत्याकांड का खुलासा, 50-50 हजार की सुपारी देकर कराई गई थी हत्या; तीन गिरफ्तार
नवगछिया। कदवा थाना क्षेत्र में कुख्यात खोखा सिंह के पुत्र ज्योतिष कुमार सिंह की गोली मारकर हुई हत्या का नवगछिया पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड की साजिश में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। सोमवार को एसपी वैभव शर्मा ने प्रेस वार्ता कर हत्याकांड के पीछे की साजिश और हत्या की वजह का खुलासा किया।
गिरफ्तार आरोपितों में कदवा थाना क्षेत्र के पचगछिया टोला निवासी पप्पू कुमार, मधेपुरा जिले के फुलौत थाना क्षेत्र के श्रीपुर बारा निवासी विपेन्द्र सिंह और पुरैनी थाना क्षेत्र के कुरसंडी निवासी दिलीप दास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ज्योतिष सिंह की हत्या के लिए 50-50 हजार रुपये की सुपारी तय की गई थी। दोनों सहयोगियों को 10-10 हजार रुपये अग्रिम भी दिए गए थे।
एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 की रात गोलाटोला के समीप ज्योतिष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक की मां के आवेदन पर कदवा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पिता और भाई की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपित पप्पू कुमार ने बताया कि उसके पिता सतन सिंह की हत्या वर्ष 2000 में और भाई विकास की हत्या वर्ष 2014 में हुई थी। इन दोनों हत्याओं में ज्योतिष सिंह और उसके परिवार की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए वह बदले की भावना से जल रहा था। इसी रंजिश में उसने ज्योतिष सिंह की हत्या की साजिश रची।
साजिश को अंजाम देने के लिए उसने अपने बहनोई विपेन्द्र सिंह और दोस्त दिलीप दास को शामिल किया। हत्या के बदले दोनों को 50-50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों को 10-10 हजार रुपये अग्रिम भुगतान किया गया था।
ज्योतिष की हत्या के बाद पूर्व मुखिया अजय सिंह की हुई थी हत्या
ज्योतिष सिंह की हत्या के बाद इलाके में आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया था। ज्योतिष के भाई आशीष कुमार और मोहन कुमार पर खैरपुर पंचायत के तत्कालीन मुखिया अजय सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा था। अजय सिंह को बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
एसपी वैभव शर्मा ने स्पष्ट किया कि पूर्व मुखिया अजय सिंह की ज्योतिष सिंह हत्याकांड की साजिश में किसी प्रकार की संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार, ज्योतिष सिंह की हत्या के पीछे मुख्य रूप से पारिवारिक रंजिश और बदले की भावना थी।

