नवगछिया : नप क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 की पार्षद पिंकी देवी के पति अशोक भगत को नवगछिया पुलिस ने सोमवार की देर रात धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बताया जाता है कि अशोक भगत ने वर्ष 2017 में नवगछिया बाजार के अभय प्रकाश मुनका से नवगछिया बाजार समिति के पास जमीन देने के नाम पर मोटी रकम वसूली थी।
Total Downloads: 167
इसके बाद अशोक भगत ने फर्जी कागजात तैयार कर जमीन अभय प्रकाश मुनका को बेच दी। जब अभय प्रकाश जमीन खोजते हुए बाजार समिति के पास पहुंचे तो पता चला कि वहां ऐसी कोई जमीन है ही नहीं। इसके बाद उन्होंने नवगछिया थाना में मामला दर्ज कराया था।
एक अन्य मामले में भी नवगछिया बाजार की पूजा कुमारी से अशोक भगत ने 800 स्क्वायर फीट जमीन देने के नाम पर 21 लाख रुपये लिए थे, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। जब पूजा कुमारी ने पैसे वापस मांगे तो देने से इंकार कर दिया। इसके बाद पूजा ने भी नवगछिया थाना में केस दर्ज कराया। मामला फिलहाल कोर्ट में चल रहा है।

