नवगछिया। जमीन विवाद को लेकर अपराधियों ने एक किसान को लाठी और लोहे के रॉड से पीटकर अधमरा कर दिया। यह घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया गांव में शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे की है।
Total Downloads: 376
घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल किसान रंजीत यादव (45), पिता राम अवतार यादव को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रंजीत यादव अपने बासा पर गाय का दूध निकाल रहे थे। इसी दौरान चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और अचानक लाठी व लोहे के रॉड से उन पर हमला कर दिया। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक सभी अपराधी फरार हो चुके थे।

इस संबंध में परबत्ता थाना पुलिस ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस ने किया है।
