नवगछिया। प्रखंड क्षेत्र के आधार सेवा केंद्रों पर सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने का मामला सामने आया है। लाभुकों का आरोप है कि आधार अपडेट के नाम पर उनसे 150 से 250 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि सरकारी प्रावधान के अनुसार बायोमैट्रिक अपडेट का शुल्क 100 रुपये और नाम, पता, जन्मतिथि व मोबाइल नंबर सुधार के लिए 50 रुपये निर्धारित है।
लाभुकों के अनुसार कई आधार केंद्रों पर बायोमैट्रिक अपडेट के लिए 150 रुपये और सामान्य सुधार कार्यों के लिए 150 से 200 रुपये तक की मांग की जा रही है। कुछ मामलों में 250 रुपये तक मांगे जाने की बात भी सामने आई है।
लक्ष्मीपुर निवासी पुदीना खातून ने बताया कि वे आधार में मोबाइल नंबर जुड़वाने केंद्र पहुंची थीं। उन्हें निर्धारित शुल्क 50 रुपये की जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद उनसे 150 रुपये वसूले गए। मजबूरी में उन्हें यह राशि देनी पड़ी। उनके साथ मौजूद रेहेना खातून ने भी इसी तरह की शिकायत की।

वहीं नया टोला निवासी मोनी कुमारी ने बताया कि आधार अपडेट कराने के लिए केंद्र पर उनसे 250 रुपये मांगे गए। पैसे नहीं होने के कारण उन्हें बिना काम कराए लौटना पड़ा।
लाभुकों का कहना है कि आधार कार्ड सरकारी योजनाओं से जुड़ा हुआ है, ऐसे में अपडेट कराना उनकी मजबूरी है। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर कुछ केंद्र संचालक मनमानी वसूली कर रहे हैं।
हालांकि, आधार केंद्र के कर्मचारी रिंकेश कुमार ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र पर सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जा रहा है और यदि किसी को आपत्ति है तो वे शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

