नवगछिया : पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं की नवगछिया के जमुनिया पंचायत में जांच कराये जाने के फैसले के तहत गुरुवार को पांच योजनाओं की जांच की गई। जिला पंचायती राज पदाधिकारी त्रिलोकीनाथ सिंह के नेतृत्व में गई टीम ने पंचायत में जांच की। इस पंचायत में 32 योजनाओं की जांच के निर्देश डीएम ने दिए हैं।
Total Downloads: 163
पिछले माह इस पंचायत की पांच योजनाओं की जांच जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के यहां वाद दायर के आलोक में की गई थी। जिसमें जांच रिपोर्ट के मुताबिक 30 लाख की वसूली के लिए जमुनिया के पूर्व मुखिया मो. शहीद बैठा, पंचायत सचिव गोपाल प्रसाद, अभिकर्ता और कनीय अभियंता को नोटिस दिया जा चुका है। लेकिन अब तक एक पैसा भी सरकारी खाते में आरोपितों ने जमा नहीं कराया।
बता दें कि गांव के फुदन प्रसाद साह नामक व्यक्ति ने पूर्व मुखिया समेत चार के खिलाफ जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के यहां वाद दायर कर बगैर कार्य किए राशि निकाल लेने का आरोप लगाया था। जिसकी जांच में आरोप प्रमाणित हो गया। जांच में पता चला था कि जमुनिया के वार्ड-12 में रोड निर्माण, वार्ड-14 में नाला निर्माण, वार्ड-9 में नाले का जीर्णोद्धार आदि काम में अनियमितता हुई है।

इधर, गुरुवार को मौके पर स्थलीय जांच करने गई टीम ने शिकायतकर्ता फुदन साह को तीन बार फोनकर बुलाया लेकिन वे मौके पर नहीं आये। इससे जांच टीम को परेशानी भी हुई। डीपीआरओ ने बताया कि शेष 22 योजनाओं की भी जांच होगी। जांच टीम में दो सहायक अभियंता, दो जेई, दो पंचायत तकनीकी सहायक, लेखापाल, पूर्व व वर्तमान पंचायत सचिव शामिल थे।
