नवगछिया प्रखंड के जमुनिया पंचायत अंतर्गत महदत्तपुर दुर्गा मंदिर परिसर में बन रहे सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। यह निर्माण कार्य जिला परिषद सदस्य नन्दनी सरकार की अनुशंसा पर कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय में सेफ्टिक टैंक का निर्माण किया जाना है, लेकिन टंकी की दीवार मात्र पांच इंच की बनाई जा रही है, जिससे बारिश के समय परेशानी होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने के समय अभियंता मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे संवेदक को सही दिशा-निर्देश नहीं मिल सका।
ग्रामीणों का आरोप है कि अभियंता की अनुपस्थिति में संवेदक अपने तरीके से कार्य कर रहे हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य तथा दुर्गा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष को लिखित शिकायत सौंपी है।


