नवगछिया । भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस की लाठीचार्ज पर जमकर बरसे। सोमवार को नवगछिया पहुंचे भाजपा नेता ने जुलूस के दौरान एक आंख गंवाने वाली लड़की और उसके परिजनों से मुलाकात की। पूर्व मंत्री ने परिजनों से मिलने के बाद एक लाख रुपए मदद का ऐलान किया।
कहा आंख के इलाज के लिए पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि नवगछिया प्रशासन अपराधियों को पकड़ने के बजाए शांतिपूर्ण धरना करने वालों पर झूठा केस कर फंसाने का काम कर रही है। कहा जिस परिवार के बच्ची की आंख चली गई, उसी परिवार को फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2024 में नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय है। 2025 में बिहार में भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने एसडीओ और एसपी से बात की और कहा कि लड़की के परिवार वालों पर जो केस किया गया है वह गलत है। उन्होंने कहा कि निषाद मोहल्ला में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बिहार के ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र सिंह यादव से बात करेंगे।

इसके साथ ही यह भी प्रयास करेंगे कि नवगछिया बाजार को विजयघाट पुल से जोड़ा जाए। पूर्व मंत्री ने सोमवार को नवगछिया सहित मंकदपुर और सैदपुर गांवों का भी दौरा किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, सुबोध सिंह कुशवाहा, अजीत कुमार, केश राणा, अजय कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

