खरीक : सेंटरिंग खोलने शौचालय की टंकी में घुसे मजदूर सहित दो लोगों की मौत दम घुटने से हो गई। घटना खरीक थाना क्षेत्र के मीरजाफरी गांव में रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। मरने वालों की पहचान उस्मानपुर निवासी मजदूर कामदेव मंडल (25), पिता तूफानी मंडल और मीरजाफरी निवासी मो. समीउल्ला (22), पिता मो. गुफरान के रूप में हुई है।

दरअसल, कामदेव मंडल मो. शब्बीर अंसारी के घर में निर्मित शौचालय की टंकी का सेंटरिंग खोलने के लिए अंदर घुसा। इस दौरान वह टंकी के अंदर बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद मो. समीउल्ला उसे बचाने के लिए टंकी के अंदर घुसा तो वह भी बेहोश हो गया। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। वहां लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष मो. नसीम अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद दोनों को टंकी से बाहर निकाला। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। दोनों की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुखिया गणेश मंडल, नियामत अंसारी, सनाउल्ला अंसारी, नजाकत अंसारी ने मृतकों के परिजनों को प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है।

मजदूर को बचाने में मेठ भी हुआ बेहोश मजदूर कामदेव को बचाने में मीरजापुर निवासी मेठ अशोक शर्मा भी बेहोश हो गया। अशोक मजदूरों से लोगों के घर का निर्माण कार्य कराता है। कामदेव को भी अशोक शर्मा ही काम पर ले गया था। बताया जाता है कि शौचालय की टंकी का सेटरिंग खोलने के लिए टंकी के अंदर घुसे मजदूर को बचाने के लिए मेठ अशोक शर्मा भी अंदर घुसा था। टंकी में घुसते ही वह भी बेहोश हो गया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने उसे खींच कर टंकी से बाहर निकाला।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *