नवगछिया : रन्नूचक मकन्दपुर के ट्रक मालिक संजय चौधरी ने बाबा बिशु राउत सेतु पर सड़क के किनारे खड़े अपने खराब ट्रक को ठीक कर रहे पुत्र रितिक कुमार को नवगछिया थाना के चालक द्वारा पीटकर घायल करने का आरोप लगाते हुए डीआईजी, एसपी और नवगछिया थाना में आवेदन दिया है।उसने आरोप लगाया कि 20 हजार रुपये नहीं दिए जाने से आक्रोशित नवगछिया थाना के चालक ने मेरे बेटे को लाठी से पीटकर घायल कर दिया। जख्मी युवक रितिक कुमार का अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Total Downloads: 174
घायल युवक ने बताया कि उसकी गाड़ी पर राख लदा हुआ था। गाड़ी खराब होने के कारण उसे श्रीपुर पेट्रोल पंप के पास लगा दिया गया था। घटना शनिवार साढ़े दस बजे की है। उसी समय नवगछिया थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी वहां पहुंची और पदाधिकारी के बजाय जीप का चालक उतरकर कहने लगा कि गाड़ी का एक लाख का सीजर फाइन कटेगा। मैंने कहा कि गाड़ी में तो ऐश डाइक है तो फाइन किस बात का। इस पर वह चालक बोला कि 20 हजार में सेटलमेंट कर लो नहीं तो केस होगा। इतना कहकर वे लोग चले गए।
युवक के पिता ने बताया कि बेटा काम कराकर ट्रक को भेजकर मिस्त्री को लेकर कोसी पार भटगामा चला गया था। वहां से दोनों लौट रहे थे। उसी समय जीप लेकर वहीं चालक आया और कहा गाड़ी कहां है, मेरे बेटे ने कहा कि गाड़ी चली गयी। इतना कहने के साथ ही चालक ने लाठी डंडे से मारकर घायल कर दिया। युवक ने अपने हाथ, पैर, पीठ और कमर दिखाया। उसने कहा कि जब चालक मुझे मार रहा था तो पुलिस गाड़ी पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी उसे बार-बार मना कर रहे थे लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। दूसरी ओर चालक ने कहा कि जब उससे पूछताछ कर रहा था तो उसने गाली देना शुरू कर दिया इसीलिए उसको मारे हैं।

नवगछिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण ने कहा कि घटना की जानकारी नही है। इस सबन्ध में आवेदन मिलने पर जाँच की जाएगी और अगर दोषी पाए जाएंगे तो चालक पर कार्रवाई की जाएगी।
