नवगछिया । बाबा बिशु राउत सेतु पहुंच पथ फोरलेन पर बुधवार की अहले सुबह मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर पर चढ़ गयी। इसमें सवार 12 मजदूर बाहर फेंकाने से घायल हो गए। घायलों में अधिकांश महिला मजदूर थीं। सभी मजदूर लखीसराय जिले के बड़हिया से मसूर के खेत में काम कर तीन वाहन से मधेपुरा घर लौट रहे थे। घटना के बाद दूसरे वाहन के मजदूरों ने सभी को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया। मायागंज में एक मजदूर की हालत गंभीर देख उसे पटना रेफर कर दिया गया है।
दुर्घटना में ये मजदूर घायल
दुर्घटना में मधेपुरा चौसा की खैरो देवी, रूपौली चोपड़ा की सोनिया देवी, पुनिया देवी, चौसा लालगंज की कल्पना देवी, सविता देवी, आशा देवी, रीता देवी, सीलम देवी व गीता देवी गभीर रूप से घायल हो गईं, जिसे मायगंज अस्पताल रेफर किया गया। वहीं सिलम देवी की गंभीर स्थिति देख डॉक्टर ने मायागंज से उसे पटना रेफर कर दिया।
कैसे हुई दुर्घटना
मिली जानकारी के अनुसार बड़हिया से मधेपुरा जाने वाली पिकअप नवगछिया बाबा बिशु रावत सेतु से पहले पेट्रोल पंप के समीप अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके कारण सभी मजदूर दूर फेंका गए।

महिला मज़दूरों की मची थी चीख पुकार
दुर्घटना में महिला मजदूरों के घायल होने से उनकी चीख पुकार से आसपास के लोगों की नींद खुली। सुबह लोग दौड़ पड़े और घायलों को अस्प्ताल पहुचाने में मदद की। घायल मजदूरों में कई के सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई थीं। अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सकों के द्वारा सात महिला मजदूरों को भागलपुर रेफर किया गया। मजदूरों के साथ चल रहे सुनील मंडल ने बताया कि हमलोग बड़हिया से मसूर के खेत में काम कर अपना मजदूरी लेकर तीन गाड़ी से चले थे। हमलोग 30 से 35 की संख्या में थे। सभी अलग-अलग गाड़ियों पर सवार थे। एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से मजदूर घायल हो गए। नवगछिया नगर थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि घटना के बाद गाड़ी चालक फरार हो गया है। घटना की पूरी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।

