नवगछिया। इस्माईलपुर तटबंध के स्पर संख्या 7 और 8 के बीच जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से कटाव निरोधी कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, नवगछिया की देखरेख में मेसर्स एनएनटी कंपनी द्वारा कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्पर संख्या 7 और 8 के बीच 240 मीटर तथा स्पर संख्या 8 और 9 के बीच 700 मीटर क्षेत्र में सुरक्षा कार्य चल रहा है। यहां शीट पाइलिंग, बोल्डर क्रेटिंग और तटबंध में मिट्टी भराई का कार्य पिछले महीने से लगातार किया जा रहा है।
कटाव की दृष्टि से संवेदनशील इस इलाके में यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विभाग का मानना है कि कार्य पूरा होने के बाद तटबंध को मजबूती मिलेगी और बाढ़ व कटाव के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

कार्यपालक अभियंता ईं. गौतम कुमार ने बताया कि फिलहाल कार्य प्रगति पर है और इसे और तेज करने के लिए एक-दो दिनों के भीतर तीन और मशीनों से शीट पाइलिंग का कार्य शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि कार्य को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि बरसात और बाढ़ के मौसम से पहले तटबंध को सुरक्षित बनाया जा सके।

