नवगछिया : दो और तीन जून की रात हुई तीन सड़क लूट मामले के उद्भेदन की जानकारी शनिवार को एसपी सुशांत कुमार सरोज ने प्रेस वार्ता कर दी। इसे पुलिस की बहुत बड़ी उपलब्धि बताया। एसपी ने बताया कि खरीक, गोपालपुर एवं नवगछिया थाना क्षेत्र में एक ही अपराधी की अपने सहयोगी के साथ मिलकर रोड पर लूटपाट करने की सूचना मिली। इसके बाद एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम में गोपालपुर, नवगछिया, रंगरा एवं खरीक थाना अध्यक्ष को प्रतिनियुक्त किया गया। उन्होंने बताया कि उस अपराधी ने पहले खरीक में एक व्यक्ति के साथ लूटपाट कर उसकी बाइक लूट ली। इसके अलावा गोपालपुर एवं नवगछिया थाना में भी एनएच पर उसी अपराधी ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

एसपी ने तात्काल एसडीपीओ को निर्देश दिया गया। एसडीपीओ दिलीप कुमार ने मुख्य सड़क मार्ग पर नाकाबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान रंगरा सहायक थाना क्षेत्र के पास पुलिस ने गोपालपुर थाना क्षेत्र के पंचगछिया गांव निवासी बबलू शर्मा एवं रंगरा सहायक थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी भवेश कुमार को लूटी हुई पल्सर मोटरसाइकिल एवं हथियार के साथ हिरासत में ले लिया। इसके बाद गिरफ्तार अभियुक्त बबलू शर्मा एवं भावेश की निशानदेही पर गोपालपुर थाना क्षेत्र से लूटी गई प्लेटिना बाइक बरामद की। दोनों अपराधियों के बयान के बाद बमबम यादव को लतरा गांव से एक लोडेड कट्टा एवं 24 गोली के साथ हिरासत में लिया। बमबम यादव की निशानदेही पर नवगछिया जीरो माइल के पास लूटी हुई ग्लैमर बाइक सोनडिया बहियार धरहरा गांव के पास बरामद की।

कदवा कंचनपुर में मुठभेड़ में धराया सनोज:

एसपी ने बताया कि 22 मई को अपराधियों ने मक्का लदे ट्रक का अपहरण कर उसके चालक की हत्या कर दी थी। एसपी ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे अभियुक्त गुरुदेव मंडल उर्फ सनोज उर्फ फूफाजी की सूचना मिली। इसके बाद एसडीपीओ, ढोलबज्जा थाना अध्यक्ष व अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ छापेमारी के लिए निकले। जीरोमाइल के पास तीन अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन गुरुदेव मंडल उर्फ सनोज कुमार वहां से भाग निकला। एसडीपीओ ने उसका पीछा किया। कदवा कंचनपुर में भागते अपराधी को जब एसडीपीओ ने रुकने कहा तो उसने पुलिस के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग कर आत्मरक्षा का प्रयास किया। एसडीपीओ ने उसके पैर में गोली मारकर जख्मी किया। इस कारण वह पकड़ में आया।

गुरुदेव पर मधेपुरा व पूर्णिया में भी मामले दर्ज हैं:

गुरुदेव उर्फ सनोज के ऊपर लगभग आधा दर्जन मामला मधेपुरा, पूर्णिया व नवगछिया पुलिस जिला में है। इसमें लूट एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। उसपर नवगछिया में ट्रक लूट चालक की हत्या, गोलीबारी और फलका कटिहार में लूट के और मधेपुरा पुरैनी में दो लूट का मामला दर्ज है। एसपी ने बताया कि इस गोलीबारी के मामले में दो अलग-अलग थाने में मामला दर्ज होगा। इसमें कदवा सहायक थाना में गोलीबारी का मामला दर्ज होगा। वहीं लूटपाट का मामला नवगछिया थाना में दर्ज किया जाएगा।

गोलीबारी मामले में चार अन्य बदमाश संलिप्त:

गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार अभियुक्त के बारे में एसपी ने बताया कि इसमें गुरुदेव मंडल, रोहित कुमार ,शंभू यादव, मिथिलेश यादव शामिल हैं। शंभू यादव के ऊपर हत्या का मामला दर्ज है। वहीं मिथिलेश का अपराधिक इतिहास खोजा जा रहा है। इन सभी अभियुक्तों के पास से अवैध हथियार एवं गोली भी बरामद हुई है। गिरफ्तारी में देसी कट्टा पांच, देसी पिस्टल एक, जिंदा गोली एक, छह खोखा, मोटरसाइकिल, छह मोबाइल और 300रुपये नगद मिला है। छापेमारी में एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में नवगछिया नगर थाना अध्यक्ष भारत भूषण, गोपालपुर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार,ढोलबज्जआना अध्यक्ष प्रभात कुमार, पंकज कुमार, महताब खान महबूब अहमद मुलायम सिंह यादव योगेश कुमार बसंत कुमार यादव चंदन कुमार सिपाही एवं डीआईओ की टीम ने पूरा सहयोग किया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *