नगर परिषद नवगछिया की बैठक मुख्य सभापति प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-2027 के प्रस्तावित बजट पर विस्तार से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

प्रस्तुत बजट के अनुसार प्रारंभिक शेष राशि 33 करोड़ 82 लाख रुपये है, जबकि आगामी वित्तीय वर्ष में 92 करोड़ 16 लाख रुपये की अनुमानित आय का प्रावधान किया गया है। इस प्रकार कुल अनुमानित प्राप्ति 125 करोड़ 99 लाख रुपये तय की गई है। वहीं कुल 73 करोड़ 12 लाख रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है, जिसके बाद 52 करोड़ 86 लाख रुपये की शेष राशि रहने का अनुमान है।

बजट में नगर के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया गया है। इनमें भूमि क्रय, मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण, सामुदायिक भवन, रैन बसेरा, शवदाहगृह, बहुमंजिला आवास, वेंडर जोन, पुस्तकालय, सड़क एवं नाला निर्माण, जलापूर्ति व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, सफाई उपकरण, डिजिटल सॉफ्टवेयर, सीसीटीवी, सौंदर्यीकरण कार्य, पाथ-वे, इंडोर स्टेडियम, पार्क व ओपन जिम, डस्टबिन, वाटर एटीएम, स्वास्थ्य परामर्श केंद्र तथा जूट बैग एटीएम जैसी योजनाएं प्रमुख हैं।

बैठक में उप मुख्य सभापति रश्मि रथी देवी, तदर्थ समिति सदस्य प्रेम सागर, पार्षद खुशबू कुमारी, रेणु देवी, सुमित्रा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही म्युनिसिपल अकाउंटेंट विनय कुमार, प्रधान सहायक आलोक कुमार गुप्ता, लिपिक प्रितम कुमार, नगर प्रबंधक बिनय कुमार, संजय कुमार, अभिषेक कुमार, विशाल शैनी, नीरज कुमार एवं प्रभाकर कुमार सहित कई अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....