नवगछिया/झंडापुर। झंडापुर थाना क्षेत्र के तेलघीटोला निवासी शंकर मंडल की पत्नी मीणा देवी ने नवगछिया एसपी को आवेदन देकर अपनी बेटी बुधा कुमारी की हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

मीणा देवी ने आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री बुधा कुमारी की शादी कदवा थाना क्षेत्र के ठाकुर जी कचहरी टोला निवासी फोटो राय के पुत्र अजीत कुमार राय से हिंदू रीति-रिवाज से की गई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उन्हें पता चला कि अजीत राय की यह दूसरी शादी थी और पहले से ही उन्हें इस बारे में धोखे में रखा गया था।

आवेदिका के अनुसार, शादी के बाद से ही पति अजीत राय, ससुर फोटो राय, देवर रंजीत कुमार, सास, गोतनी और भैसूर मिलकर उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। वे चार लाख रुपये, एक बाइक और पलंग समेत अन्य सामान की मांग कर रहे थे।

20 अगस्त को बुधा कुमारी ने अपनी मां को फोन कर बताया कि ससुराल वालों ने मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया है। फोन पर रोते हुए उसने कहा— “जल्दी आओ, नहीं तो मेरा चेहरा नहीं देख पाओगे।” इसके बाद परिजनों को बेटी की मौत की सूचना मिली।

मीणा देवी का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने हत्या कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार भी कर दिया और परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी। जब वे थाना में केस दर्ज कराने गए तो थाना प्रभारी ने डांटकर भगा दिया।

इस संबंध में कदवा थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की मौत सांप के काटने से हुई थी। उन्होंने कहा कि “घर में सांप ने महिला के सिर पर डस लिया था। पोस्टमार्टम कराया गया और पति के बयान पर यूडी केस दर्ज हुआ था। अब परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।”

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *