नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित खगड़ा गांव निवासी प्रवेश यादव ने अपने 12 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार की गुमशुदगी को लेकर बुधवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में परबत्ता थाना में 23 मई 2026 को कांड संख्या 67/26 दर्ज किया गया है।

Whatsapp group Join

पीड़ित पिता ने आवेदन में बताया कि उनका पुत्र निखिल कुमार 21 मई की रात करीब 8:30 बजे विक्रमशिला पहुंच पथ के पश्चिम स्थित बासा से घर आने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

प्रवेश यादव ने आरोप लगाया है कि गुलशन कुमार और बादल कुमार नामक दो युवकों ने उनके पुत्र को टेम्पो से नवगछिया स्टेशन ले जाकर महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाकर कहीं भेज दिया। पिता का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों युवक लगातार गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

इधर, मामले को लेकर परबत्ता थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा बच्चे की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने भी मामले में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *