नवगछिया : पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय में शनिवार को मॉडल यूथ ग्राम सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का अनुभव कराना है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पीआरओ बिहपुर काजल कुमारी, नगरपारा की मुखिया अन्नपूर्णा देवी, भवानीपुर की मुखिया ममता कुमारी, पंचायत सचिव सिद्धार्थ कुमार, मुखिया प्रतिनिधि पवन कुमार, पीटीसी अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद सिंह, जेएनवी मुर्शिदाबाद के उप प्राचार्य आलोक गौतम और विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।
कार्यक्रम में छात्रों ने ग्राम सभा की बैठकों का अनुकरण किया और विकास योजनाओं के निर्माण जैसी प्रक्रियाओं को व्यवहारिक रूप से समझा। यह कार्यक्रम ‘सबकी योजना–सबका विकास’ अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत गांवों में समावेशी विकास सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षक ब्रजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में छात्रों की प्रस्तुति सराहनीय रही। छात्रों ने मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, ग्राम सचिव और आम ग्रामीणों की भूमिकाएं निभाईं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि काजल कुमारी ने पंचायत स्तर पर होने वाली चर्चाओं जैसे गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, स्वच्छता, रोजगार, सामाजिक न्याय और शिक्षा जैसे विषयों की महत्ता पर बात की। प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने कहा कि ग्राम सभा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सबसे महत्वपूर्ण मंच है।

बच्चों की भूमिकाओं की सभी अतिथियों ने प्रशंसा की, विशेषकर छात्र मुखिया सक्षम सोना और दिव्यांग ग्रामीण की भूमिका निभाने वाले आशीष कुमार की। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

