नवगछिया। नवगछिया पुलिस विभाग को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में पुलिस जिला ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब सभी कार्यालयों में पारंपरिक कागजी प्रक्रियाओं के स्थान पर पेपरलेस ई-ऑफिस प्रणाली लागू की जा रही है। इसी उद्देश्य से अनुमंडल कार्यालय के सभागार में एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का नेतृत्व साइबर थाना प्रभारी सह डीएसपी अभिषेक कुमार ने किया। उन्होंने नवगछिया पुलिस जिला के सभी थाना अध्यक्षों, ओपी प्रभारियों एवं कार्यालय कर्मियों को ई-ऑफिस पोर्टल के संचालन, दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन, ऑनलाइन फाइल मूवमेंट और इलेक्ट्रॉनिक पत्राचार की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस प्रशिक्षण के लिए पटना से विशेषज्ञ पदाधिकारी भी पहुंचे थे।

डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पहले किसी भी पत्राचार, आदेश या नोटशीट को एक थाने से दूसरे कार्यालय तक पहुंचाने में सिपाही या होमगार्ड के जवानों को दौड़भाग करनी पड़ती थी। इससे समय की बर्बादी, संसाधनों का अधिक खर्च और कई बार कार्यों में अनावश्यक देरी होती थी। लेकिन ई-ऑफिस लागू होने के बाद अब सभी पत्र एवं फाइलें सॉफ्टवेयर के माध्यम से सीधे संबंधित कार्यालयों तक ऑनलाइन पहुंच जाएंगी।

उन्होंने बताया कि नई डिजिटल प्रणाली से न केवल कार्यकुशलता बढ़ेगी, बल्कि कागज की बचत, फाइल ट्रैकिंग की सुविधा और आदेशों में देरी समाप्त होने जैसे महत्वपूर्ण लाभ भी मिलेंगे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को ई-ऑफिस में फाइल बनाना, नोटशीट तैयार करना, डिजिटल हस्ताक्षर का उपयोग, स्कैन एवं अपलोड प्रक्रिया, फाइल मूवमेंट और सुरक्षा प्रोटोकॉल से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी गई।

डीएसपी ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में नवगछिया पुलिस जिला के सभी कार्यालय पूरी तरह पेपरलेस होंगे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से लेकर सभी थाना स्तर तक प्रशासनिक कार्य अब डिजिटल माध्यम से ही किए जाएंगे।

प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों ने इस पहल को पुलिस विभाग में पारदर्शिता बढ़ाने, समय की बचत करने और आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक बेहतरीन कदम बताया। ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए नवगछिया पुलिस जिला अब डिजिटल प्रशासन की ओर तेजी से आगे बढ़ चुका है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *