नवगछिया। बिहपुर प्रखंड में रविवार को 15 से 45 वर्ष की आयु वर्ग की महिला नवसाक्षरों के लिए आयोजित साक्षरता महापरीक्षा कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। प्रखंड के नौ सीआरसी के अंतर्गत संचालित 34 साक्षरता केंद्रों में कुल 680 नवसाक्षरों को परीक्षा के लिए नामांकित किया गया था, जिनमें से 65 नवसाक्षर अनुपस्थित रहीं।
प्रखंड टोलासेवक संघ के अध्यक्ष नागेश्वर रजक के अनुसार, परीक्षा में
महादलित/दलित वर्ग से 376 नामांकित में 113 उपस्थित,
अल्पसंख्यक समुदाय से 126,
सहित कुल 615 महिला नवसाक्षर शामिल हुईं।
इधर, नारायणपुर प्रखंड में भी महिला अक्षर आंचल योजना के तहत सभी छह संकुल केंद्रों पर बुनियादी साक्षरता परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 568 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
सभी परीक्षा केंद्रों पर संबंधित प्रधानाध्यापक की देखरेख में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। शिक्षा सेवक अली राजा ने बताया कि सभी टोला सेवक और तालमी मरकज के 34 सेवक सक्रिय रूप से उपस्थित रहे, जिससे परीक्षा सुचारु रूप से संचालित हो सकी।

दोनों प्रखंडों में आयोजित यह परीक्षा महिला शिक्षा को बढ़ावा देने और नवसाक्षरों में आत्मविश्वास विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

