नवगछिया : पकड़ा निवासी छोटे सिंह व बाहुबली विनोद यादव समेत अन्य हत्याकांडों का आरोपी पूर्व प्रमुख व कुख्यात मंटू सिंह को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। नवगछिया इंस्पेक्टर राजकपूर कुशवाहा ने बताया कि लक्ष्मीपुर बहियार से उसे दबोचा गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

आरोप है कि पुराना विवाद होने के कारण मंटू सिंह ने छह फरवरी 2020 को बाजार से घर जाने के दौरान छोटे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हाल ही में छोटे की पत्नी रिंकू देवी ने आरोपी पूर्व प्रमुख की गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में एसपी कार्यालय के बाहर आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी थी। रिंकू देवी के बयान पर पुलिस ने पूर्व प्रमुख मंटू सिंह, बालकिशोर सिंह, ब्रजकिशोर सिंह, खगेश सिंह, कैलाश सिंह, तीरो सिंह, कैलाश सिंह और महेश मंडल को नामजद करते हुए नवगछिया थाने में केस दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार मंटू विनोद यादव की हत्या में भी आरोपी है। पुलिस ने मंटू सिंह के शार्प शूटर कदवा निवासी महेश मंडल को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था। बाद में खगेश सिंह को भी पकड़ लिया गया। तीरो सिंह ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। आरोप है कि मंटू ने ट्रांसपोर्टर पुरीलाल की भी सरेआम हत्या कर दी थी। वह चोरी के बोलेरो के साथ पकड़े जाने के आरोप में बक्सर जेल में भी रहा है

तीन माह पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया है। मानकेश्वर सिंह उर्फ मंटू सिंह का पुस्तैनी घर इस्माईलपुर के कमलाकुंड में है। यहां पर समिति सदस्य मंजय सिंह की हत्या में भी मंटू सिंह आरोपी था। वहां से वर्षों पूर्व नवगछिया के पकरा में आकर रहने लगा था। इसके बाद पकरा में वर्चस्व की लड़ाई में छह से अधिक बड़े वारदात को अंजाम देने का आरोप है। कई हत्याकांड में मंटू सिंह को आरोपी बनाया गया था।

इसी दौरान उसकी दोस्ती नवगछिया के विनोद यादव से हुई और राजनीति में पकरा से मुखिया, पंचायत समिति सहित पैक्स चुनाव में अपने परिवार के लोगों को जिताने का काम किया। पकरा के पूरी झा हत्याकांड में मंटू सिंह का नाम सामने आया था। विनोद यादव हत्याकांड में भी मंटू सिंह मुख्य आरोपी था। उसमें गिरफ्तारी के बाद उसे बक्सर जेल में शिफ्ट किया गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद फिर से उस पर कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप लगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *