नवगछिया : इस्माईलपुर प्रखंड के नारायणपुर लक्ष्मीपुर चंडी स्थान के पास अवैध रूप से लक्ष्मी खाद बीज भंडार के प्रोपराइटर रंजीत कुमार द्वारा अमानक पोटाश खाद बेचने एवं निर्धारित मूल्य से अधिक रुपया लेने के मामले में प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार चौधरी ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया है।
Total Downloads: 102
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि पिछले सप्ताह यहां पर जिला कृषि पदाधिकारी, नवगछिया अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं सहायक निदेशक पौधा संरक्षण ने संयुक्त रूप से स्थानीय किसानों की शिकायत पर छापेमारी की थी। जिसमें यहां पर अमानक पोटाश एवं यूरिया के अधिक मूल्य पर बेचने की शिकायत मिली थी। जिसके उपरांत दुकान से नमूना लेकर उसे जांच हेतु भेजा गया था। साथ ही इनका लाइसेंस रद्द करते हुए इनके ऊपर एफआईआर करने का आदेश दिया था।
जिला कृषि पदाधिकारी केके झा ने बताया कि जिस तरह से यहां पर अवैध रूप से खाद बेचने का मामला दर्ज किया गया है। जिले में इस पर और लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। अगर उचित मूल्य पर किसानों को यूरिया या अन्य खाद नहीं देता है तो आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस्माईलपुर थाना अध्यक्ष मनी पासवान ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।

