नवगछिया के बोरवा गांव में शनिवार देर रात बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने चार युवकों को पकड़कर लाठी-डंडों से पीट दिया। सभी युवक कार से गांव के पास से गुजर रहे थे, तभी ग्रामीणों ने उन पर बकरी चोरी का आरोप लगाते हुए घेर लिया।
घायलों में पूर्णिया जिले के मधुबनी निवासी टीपू अंसारी, सरफराज खान, समीर खान तथा कटिहार जिले के पोठिया निवासी रूपेश कुमार शामिल हैं।
सूचना मिलने पर परबत्ता थाना के थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवकों को भीड़ से छुड़ाकर नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार ने बताया कि तलाशी के दौरान युवकों के पास से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

