नारायणपुर प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलहा में एक छात्रा द्वारा स्कूल परिसर में झाड़ू लगाने का मामला सामने आया है। शनिवार को हुई इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। इस मामले की शिकायत विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद मंडल से की गई है।
Total Downloads: 189
वायरल वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने एक छात्रा को एक सफाईकर्मी के साथ परिसर में झाड़ू लगाते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि घटना के समय विद्यालय का मुख्य गेट बंद था।
बच्चों से इस तरह का कार्य करवाना शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) का सीधा उल्लंघन माना जाता है। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

इस संबंध में जब प्रधानाध्यापक विनोद मंडल से बात की गई तो उन्होंने पहले इस घटना से अनभिज्ञता जताई। बाद में उन्होंने बताया कि वीडियो में दिख रही बच्ची संभवतः सफाईकर्मी की पोती है और हो सकता है कि वह अपनी दादी के साथ काम में हाथ बंटा रही हो।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि विद्यालय में सफाईकर्मी नियुक्त हैं और अगर बच्चों से झाड़ू लगवाई जा रही है तो यह गलत है। प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस मामले में स्टाफ से पूछताछ की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सख्त चेतावनी दी जाएगी।
