नवगछिया। नवगछिया और बिहपुर इलाके में गंगा नदी के कटाव और बाढ़ से सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नवगछिया के रिंग बांध और बिहपुर जमींदारी क्षेत्र में बोल्डर पिचिंग कराने की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है।
सांसद अजय मंडल द्वारा भेजे गए 238.49 करोड़ रुपये की परियोजना प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने सकारात्मक संकेत दिए हैं।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने आश्वासन दिया है कि परियोजना पर तेजी से कार्रवाई की जाएगी। सांसद ने बताया कि गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग ने योजना का तकनीकी मूल्यांकन पूरा कर लिया है। अब यह प्रस्ताव केंद्रीय जल आयोग (CWC) की सलाहकार समिति की आगामी बैठक में रखा जाएगा, जहां से मंजूरी मिलने की प्रबल उम्मीद है।
सांसद ने केंद्र को भेजे गए एक अन्य पत्र में कोसी और उत्तर बिहार की नदियों में भारी वर्षा से उत्पन्न बाढ़ की लगातार समस्या पर भी ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि हर साल बाढ़ के कारण हजारों लोग प्रभावित होते हैं, ऐसे में स्थायी समाधान समय की जरूरत है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि रिंग बांध की मजबूती से कटाव और बाढ़ के खतरे में काफी कमी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों, कृषि भूमि व बस्तियों को राहत मिलेगी।

