खरीक : पुलिस जिला नवगछिया में अपराधी बेखौफ घटना को अंजाम दे रहे हैं। सोमवार की रात करीब आठ बजे बिहपुर और खरीक थाना के सीमा पर स्थित जमालदीपुर गांव में अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने सांसद अजय कुमार मंडल की मौजूदगी में महज 200 मीटर की दूरी पर दवा व्यवसायी अरविंद गुप्ता के घर पर गोलियां बरसाईं। इसके बाद व्यवसायी के बेटे स्वामी गुप्ता को हत्या के इरादे से घर से उठा लिया।
घटना की सूचना पर नवगछिया एसपी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और अपराधियों का पीछा किया। इसके बाद अपराधी 10 मिनट बाद घटनास्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर व्यवसायी के बेटे को छोड़ कर भाग गए। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार इस दौरान अपराधियों ने राहगीरों और गांव के महिला-पुरुष की लाठी से पिटाई की। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पुलिस टीम के साथ इलाके में छापेमारी की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
सांसद अजय मंडल नारायणपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान वह लत्तीपुर चौक पर अपने एक शुभचिंतक से मुलाकात करने के लिए रुके। तभी उस जगह से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित जमालदीपुर निवासी अरविंद गुप्ता के घर पर चढ़ अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर अरविंद के घर सहित पूरे गांव में पुलिस कैंप कर रही है।

ग्रामीणों की मानें तो लत्तीपुर चौक पर दुकानदारों से अवैध वसूली को लेकर बीते कई दिनों से लगातार अपराधी गोलीबारी कर रहे हैं। दोपहर खरीक पुलिस लत्तीपुर चौक पर घटना की जांच के लिए गई थी। वहां पुलिस ने दवा व्यवसायी अरविंद गुप्ता से काफी देर तक बात की। बताया जाता है कि अपराधियों ने पुलिस से बात करते अरविंद को देख लिया था। इसी कारण पुलिस की मुखबिरी के शक में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। नवगछिया एसपी पूरण झा ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं, सांसद अजय मंडल ने भी कार्रवाई की मांग की है।

