नवगछिया : थाना क्षेत्र के बोचाही गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना हुई, जहां सिंटू कुमार के दो वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार की गंगा नदी की धार में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बच्चा घर के पास खेल रहा था कि इसी दौरान अचानक फिसलकर नदी की तेज धार में गिर गया। घटना के बाद आसपास अफरातफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल उसे पानी से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोपालपुर पहुंचाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया भेज दिया गया।


