बिहपुर थाना क्षेत्र के नन्हकार रेलवे ढाला के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र के सिमराहा गांव निवासी अनिल कुमार, पिता अमर पासवान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक पंजाब से अपने घर लौट रहा था।
सूचना मिलते ही बिहपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने ट्रेन से गिरना मौत का संभावित कारण बताया है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


