मकंदपुर-नवगछिया रोड स्थित समपार फाटक पर शनिवार को केबिन मैन की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। दोपहर 1:30 बजे के आसपास एक ट्रेन के गुजरने के दौरान फाटक बंद किया गया था। इस दौरान समपार के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। ट्रेन के गुजरने के बाद फाटक खुला तो दोनों ओर से वाहन निकलने लगे। जिस कारण समपार पर भीषण जाम लग गया। इसी बीच नवगछिया स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन खुल गई। इधर, कटारिया स्टेशन की ओर से पैसेंजर गाड़ी आ रही थी। दोनों रेल ट्रैक पर ट्रेन के आगमन की सूचना मिलने पर वहां अफरातफरी मच गई।

इस दौरान ट्रेन दिखाई देने लगी, लेकिन जमा के कारण फाटक बंद नहीं हो पाया। इसके बाद केबिन मैन ने लाल झंडी दिखा कर दोनों ट्रेनों को रुकवाया। दोनों ट्रेन 20 मिनट तक आउटर पर रुकी रही। केबिन मैन ने किसी तरह समपार पर लगे जाम को हटाया और हाथ से खींच कर लगाने वाले आपातकालीन फाटक को बंद किया। तब दोनो ट्रेन पास हुई। इसके बाद भी दिनभर रुक-रुककर फाटक के दोनों ओर जाम लगता रहा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। जाम में नवगछिया बाजार में खरीदारी करने आने वाले यात्री और मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थी भी घंटों फंसे रहे। समपार कर्मी ने बताया कि समपार पर आए दिन इस तरह की स्थिति उत्पन्न होती है।

फ्लाईओवर नहीं होने से समपार पर रोज लगता है जाम

स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर नहीं होने से समपार पर रोज जाम लगता है। 5-6 साल पहले फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हुआ था। लेकिन चार पाया बनाने के बाद काम रुका हुआ है। रेलवे का कहना है उसने अपने हिस्से का काम करा दिया है। बाकी काम राज्य पुल निर्माण निगम को कराना है। अधिकारिक सूत्रों की मानें तो इसके लिए दोबारा टेंडर निकालने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही अधूरे फ्लाईओवर निर्माण पूरा कराया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *