नवगछिया के गोपालपुर अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे सैदपुर गांव निवासी कृष्ण कुमार की तबीयत शुक्रवार देर शाम अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने तत्काल एंबुलेंस भेजकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज किया गया।
बताया गया कि इलाज के बाद कृष्ण कुमार की तबीयत में सुधार है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
कृष्ण कुमार गोपालपुर अंचल अधिकारी रोशन कुमार समेत अंचल कार्यालय के कर्मियों एवं अन्य अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं।

इलाज के बाद कृष्ण कुमार ने कहा कि वह शनिवार की सुबह से दोबारा अपनी मांगों को लेकर धरना पर बैठेंगे और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

