भागलपुर जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजीखारवा निवासी 27 वर्षीय अरविंद कुमार रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। वह पकरा गांव स्थित तेतरी मंदिर के पास एक किराए के कमरे में रहते थे। परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
Total Downloads: 167
अरविंद कुमार बाइक बाजार फाइनेंस में कार्यरत थे और अपने दो साथियों अनंत कुमार उर्फ बंटी तथा दीपक कुमार के साथ किराए के मकान में रहते थे। उनके छोटे भाई नीतीश कुमार ने बताया कि 10 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अरविंद के मोबाइल नंबरों पर कॉल किया, लेकिन दोनों मोबाइल स्विच ऑफ मिले।
नीतीश कुमार के अनुसार, उसी दिन शाम करीब 5 बजे उन्होंने अरविंद के साथ रहने वाले बंटी और दीपक से संपर्क किया, लेकिन दोनों ने अरविंद के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और टालमटोल भरे जवाब देते रहे।

रात करीब 7:30 बजे नीतीश कुमार पकरा गांव स्थित अरविंद के कमरे पर पहुंचे। वहां अरविंद मौजूद नहीं थे, लेकिन उनकी बाइक कमरे के बाहर खड़ी मिली। कमरे के अंदर गांव के ही रौशन ठाकुर, सुमीत यादव और नरेश मोहन मौजूद थे। रौशन ठाकुर ने बताया कि उन्हें कमरे की चाबी की जानकारी थी, इसी कारण उन्होंने दरवाजा खोला था।
इसके बाद परिजनों ने रातभर आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन अरविंद का कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद से परिजन गहरी चिंता में हैं और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील कर रहे हैं।
इस मामले में नवगछिया थाना प्रभारी रवि शंकर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को परिजनों द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
