नारायणपुर । प्रखंड के मधुरापुर बाजार में गुरुवार को छोटी सी बात पर दो पक्षों में झड़प हो गई, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस कैंप कर रही है।
Total Downloads: 79
गुरुवार सुबह शाहपुर चौहद्दी गांव से महर्षि मेंहीं की जयंति पर प्रभातफेरी निकाली गई थी। मधुरापुर बाजार से पहले प्रभातफेरी में शामिल महिला को साइकिल सवार ने टक्कर मार दी। लोगों ने साइकिल सवार को ठीक से साइकिल चलाने को कहा। वहां से प्रभात फेरी जैसे ही सब्जी मंडी पहुंची, दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी और तेज हथियार से प्रभातफेरी में शामिल लोगों पर वार किया।
जिसमें प्रकाश कुमार, रूपेश कुमार आजाद, सत्यम कुमार, अभिनंदन कुमार, आशीष कुमार, ईशो यादव व मधुरापुर बाजार की एक महिला घायल हो गए। घटना की सूचना पर नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज, एसडीओ उत्तम कुमार, नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार सहित भवानीपुर पुलिस, बिहपुर, झंडापुर,ढोलबज्जा, परबत्ता, नदी थाना व नारायणपुर बीडीओ हरिमोहन कुमार, सीओ अजय कुमार सरकार, खरीक सीओ, बिहपुर बीडीओ पहुंचकर घायल को इलाज के लिए नारायणपुर पीएचसी भेजा। जहां डॉ. विनोद कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज रेफर किया।

घटना में शांत कराने पहुंचे पूर्व प्रमुख ईशो यादव को भी चोटिल हुए। घटना के बाद बाजार बंद हो गया। एसपी, एसडीपीओ व एसडीओ ने घटना के बाद जनप्रतिनिधि अशोक यादव, मंटू यादव सहित अन्य लोगों के साथ घूम-घूमकर दुकान खुलवायी। एसडीओ उत्तम कुमार व एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय परिसर शिल्प प्रशिक्षण भवन में दोनों पक्षों के प्रबुद्धजन के साथ शांति समिति की बैठक की गई।
जिसमें निर्णय हुआ कि सब्जी मंडी में बीडीओ, सीओ स्तर के पदाधिकारी व पुलिस बल पदाधिकारी के अगले आदेश तक कैंप करेंगे। एसडीओ उत्तम कुमार ने बताया कि नौ जगहों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गईहै। एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
