नवगछिया : नवगछिया पुलिस जिले के कदवा ओपी क्षेत्र के बाबा बिशु राउत सेतु संपर्क पथ पर मिलन चौक के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में कुल दो लोगों की मौत हो गयी है जबकि कुल नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों की प्राथमिक चिकित्सा नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में कराया गया फिर सबों को बेहतर इलाज के लिये जेएलएनएमसीएच मायागंज भेजा गया है. मृतक की पहचान नवगछिया पुलिस जिले के कदवा ओपी क्षेत्र के प्रतापनगर निवासी बुजुर्ग दिसंबर राय और झारखंड के गोड्डा जिला के गंगटी थाना क्षेत्र के भौंडीया गांव निवासी विजय पंडित 45, पिता मुनेश्वर पंडित के रूप में की गयी है, जबकि घायल जनार्दन पंडित 38, मिथिलेश कुमार19, निरंजन कुमार30, पिंटू कुमार, आकाश पंडित, चालक चंदन जायसवाल, निरंजन रजक, संजय कुमार पंडित सभी गोड्डा के भौंडीया गांव के रहने वाले हैं और एक घायल सुरेश पंडित गंगटी थाना क्षेत्र के ही रुंजी गांव के हैं. घायलों में एक कि स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है.

जानकारी के अनुसार गोड्डा से सभी मजदूर पंजाब जाने के लिये चार चक्का वाहन सूमो से निकले थे. सभी पहले मधेपुरा जाते फिर वहां से बस से पंजाब के लिये रवाना होते. स्थानीय लोगों और कुछ घायलों ने बताया कि मिलन चौक से पहले सुमो वाहन से प्रतापनगर के एक बुजुर्ग दिसंबर राय को धक्का लग गया गया. धक्का लगने के बाद सूमो का चालक तेज गति से सुमो को भगाने लगा और मिलन चौक पर पहले से खड़े एक अठारह चक्के वाले ट्रक में पीछे से जोरदार धक्का दे मारा. टक्कर इतना जबरदस्त था कि सूमो के परखच्चे उड़ गए और उस पर बैठे सभी लोग वाहन में ही फंस गए.

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला. मृतक विजय पंडित की मौत मौके पर ही हो गयी थी. काफी मशक्कत के बाद उसके शव को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से अस्पताल भेजा तो दूसरी तरफ मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिये नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. जबकि सूमो के धक्के से गंभीर रूप से घायल हुए दिसंबर राय को इलाज के लिये भागलपुर ले जाया जा रहा था. रास्ते में ही उनकी मौत हो जाने की बात कही जा रही है.

कदवा थाने में कार्यरत एएसआई संजय यादव ने कहा कि गोड्डा निवासी मृतक और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है. सूचना मिलते ही वे लोग गोड्डा से नवगछिया के लिये रवाना हो गए थे. मामले की प्राथमिकी कदवा थाने में दर्ज कर ली गयी है. दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *