नवगछिया । खरीक बाजार पंचायत में मुखिया एवं वार्ड सदस्यों के बीच योजना को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को पंचायत के वार्ड सदस्य तब आक्रोशित हो गये जब वार्ड संख्या 11 में आंगनबाड़ी केंद्र का मरम्मतीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का लगाए गए सरकारी बोर्ड में मुखिया इंदु देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में अपने पति विजय साह का नाम लिखा बोर्ड आंगनबाड़ी केंद्र पर लगवा दिया।
Total Downloads: 160
मामले की जानकारी मिलते ही पंचायत के सभी वार्ड सदस्य आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। जहां मुखिया की मनमानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुखिया पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करने लगे। वहीं, विरोध-प्रदर्शन की जानकारी पर पहुंचे पंचायत के उप मुखिया आजाद अंसारी ने आक्रोशित वार्ड सदस्यों को समझा-बुझाकर एवं सकारात्मक आश्वासन देते हुए शांत किया।
उप मुखिया एवं वार्ड संघ के पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि सरकारी बोर्ड पर आम आदमी का विशेष अतिथि के रूप में नाम लिखना अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए स्थानीय प्रशासन मुखिया के खिलाफ कार्रवाई करे, अन्यथा हमलोग उग्र आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे। इस मौके पर वार्ड सदस्य रूकेश दास, नवीन चौधरी, इरफान आलम आदि मौजूद थे।

