नवगछिया । नवगछिया आदर्श थाना के श्रीपुर वार्ड नंबर 2 डभरा टोला निवासी गुरदेव सिंह (40 वर्ष) की रविवार की सुबह बिजली के करंट लगने से मौत हो गई।
Total Downloads: 354
परिजनों ने बताया कि राज किशोर सिंह की पत्नी खेत में पटवन कर रही थी, इस दौरान बिजली का तार उसके मोटर से टूटकर गिर गया था। उसने गुरदेव सिंह को तार जोड़ने के लिए कहा। गुरदेव सिंह बांस से तार को उठाकर जोड़ने का प्रयास करने लगा, इसी दौरान बिजली का 220 वोल्ट का तार उसके शरीर से चिपक गया। महिला के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग जुटे। कुछ लोगों ने बास से तार में मार कर गुरुदेव को अलग करना चाहा। इस दौरान वह जमीन पर गिर गया और शरीर में तार चिपका ही रह गया जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक चंडीगढ़ में मजदूरी कर अपने बाल बच्चों का भरण पोषण करता था। पांच दिन पूर्व ही वह दशहरा पूजा के अवसर पर अपने घर आया हुआ था। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी रेखा देवी बार-बार बेहोश हो रही थी। उसे दो पुत्री और चार पुत्र हैं। पत्नी के साथ-साथ छोटे-छोटे बच्चे भी अपने पिता के शव पर दहाड़ मार कर रो रहे थे। परिजनों द्वारा मृतक के शव का अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया।

नवगछिया थनाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण ने पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अभी तक परिजनों ने लिखित आवेदन नहीं दिया है। आवेदन आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।